फोटो-22-बलरामपुर के नरायनपुर चौराहे पर लोगों को जागरूक करते वनकर्मी ।-स्रोत : विभाग
जरवा। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग की तुलसीपुर रेंज के ग्राम हलौरा संग्रामपुर में बाघ की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को दिन में बाघ दो बार दिखाई दिया। इससे पहले सोमवार रात भी वह गांव के आसपास घूमता नजर आया। बाघ के लगातार दिखाई देने से ग्रामीणों ने खेतों और बागों की ओर जाना कम कर दिया है।
ग्रामीण मंजूर और पूर्व प्रधान अमानुल्ला ने बताया कि बाघ लगभग प्रतिदिन दिखाई दे रहा है, लेकिन अभी तक पिंजरे में नहीं फंस सका है। इससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर रफीक लाला के बाग के पास घास काटने गई महिलाओं ने बांस के झुरमुट में बाघ को बैठा देखा। महिलाएं घबराकर वहां से लौट आईं। शाम को बड़कऊ वर्मा और विजयी ने गांव के बाहर सड़क पार करते हुए बाघ को देखा।
ग्रामीणों के मुताबिक बाघ अब तक दर्जनों मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। रात के समय भी वह गांव के आसपास और गलियों तक घूमता दिखाई देता है। ग्रामीण मल्ली बढ़ई ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे बाघ उनके घर के पास घूमता दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे जुमाई दर्जी, रमजान और पूर्व प्रधान अमानुल्ला के घर के पीछे बकरी चरा रहे थे। घर लौटते समय गन्ने के खेत से निकले बाघ ने एक बकरी पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ बकरी को छोड़कर भाग गया। घायल बकरी का इलाज कराया जा रहा है, लेकिन वह चारा नहीं खा पा रही है।