बलरामपुर। श्रीदत्तगंज बाजार के 20 हजार लोगों को नगर जैसी सुविधाएं मिलेगी। श्रीदत्तगंज बाजार के साथ आसपास की चार ग्राम पंचायतें भी नगर में शामिल की जाएंगी। चालू वित्तीय वर्ष में श्रीदत्तगंज बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की शासन में पैरवी की जा रही है, जिससे उम्मीद काफी बढ़ गई है। नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद यहां निकाय चुनाव भी इसी साल कराए जा सकते हैं। नगर पंचायत का दर्जा मिलने की उम्मीद से लोगों में खुशी है।
वित्तीय वर्ष 2019-20 में श्रीदत्तगंज बाजार को नंगर पंचायत का दर्जा दिलाने का खाका तैयार कर 11 जुलाई 2019 को जिला प्रशासन की तरफ से शासन को प्रस्ताव भेजा गया। तत्कालीन डीएम कृष्णा करुणेश ने उतरौला एसडीएम से श्रीदत्तगंज बाजार के साथ आसपास की चार ग्राम पंचायतों की भौगोलिक परिस्थितियों व जनसंख्या आदि का ब्योरा तैयार कराया। भारत सरकार की जनगणना वर्ष 2011 के अनुसार श्रीदत्तगंज बाजार की जो जनसंख्या थी उसमें काफी बढ़ोत्तरी हो गई है। वर्तमान समय में श्रीदत्तगंज बाजार की 15 हजार से अधिक जनसंख्या है। श्रीदत्तगंज बाजार से सटे ग्राम खरदौरी, गालिबपुर, चवईंबुजुर्ग व कांधभारी को मिलाकर श्रीदत्तगंज बाजार की कुल आबादी 20 हजार से अधिक हो जाएगी।
श्रीदत्तगंज बाजार आसाम रोड के बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में बसा हुआ है। श्रीदत्तगंज बाजार में डिग्री कालेज, इंटर कालेज, थाना, ब्लॉक मुख्यालय का कार्यालय, पशु अस्पताल, सीएचसी, पुलिस चौकी, व्यवसायिक केंद्र, निजी नर्सिंग होम, आईएफसी गोदाम, राष्ट्रीयकृत बैंक, कृषि रक्षा इकाई, डाकघर और बिजली की व्यवस्थाएं यहां के लोगों के लिए उपलब्ध हैं। श्रीदत्तगंज बाजार से सटे गांव गालिबपुर में नया थाना बनाया गया है, जिसका संचालन शुरू हो गया है।
श्रीदत्तगंज बाजार के 78 फीसदी व्यक्ति कारोबार करते हैं, जबकि 22 फीसदी व्यक्ति कृषि कार्य से भी जुड़े हैं। बाजारवासी आनंद प्रकाश जायसवाल, राहुल जायसवाल, जुग्गी लाल साहू, भोलेनाथ मोदनवाल, राम जी जायसवाल, लाल बहादुर कौशल, सुरेश जायसवाल, रवि प्रकाश, अमित जायसवाल व सिद्घार्थ पटवा आदि ने खुशी जताते हुए कहा कि श्रीदत्तगंज बाजार को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से यहां के लोगों को नगर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। (संवाद)
शासन को फिर से भेजा प्रस्ताव
श्रीदत्तगंज बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए जिला स्तरीय समिति के माध्यम से शासन को दूसरी बार फिर से प्रस्ताव भेजा गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में डीएम श्रुति की अध्यक्षता में गठित समिति ने श्रीदत्तगंज बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए शासन को प्रस्ताव की संस्तुति की है। श्रीदत्तगंज बाजार को नगर पंचायत के श्रेणी में शीघ्र शामिल किए जाने की संभावना है। राम अभिलाष, एडीएम