फोटो-4-बलरामपुर के एमएलके पीजी कालेज में आयोजित बैठक को संबोधित करती डीएम श्रुति व अन्य।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज में छह अगस्त को 1500 परीक्षार्थी बीएड की प्रवेश परीक्षा देंगे। प्रशासन तीनों प्रवेश परीक्षाओं की तैयारियों में जुटा है। बृहस्पतिवार को एमएलके पीजी कॉलेज सभागार में डीएम श्रुति की अध्यक्षता व एसपी हेमंत कुटियाल की मौजूदगी में सभी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में रणनीति बनाई गई।
बैठक का संचालन करते हुए डीआईओएस गोविंद राम ने कहा कि छह अगस्त को एमएलके पीजी कॉलेज में बीएड की प्रवेश परीक्षा में 1500 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कला, विज्ञान व कॉमर्स संकाय में 500-500 परीक्षार्थियों की परीक्षा कराने के लिए प्लॉन तैयार किया गया है। दो पॉलियों में प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। कालेज प्राचार्य डॉ. आरके सिंह को नकल विहीन व शुचितापूर्ण ढंग से प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह से सात व आठ अगस्त को 1787 परीक्षार्थी टीजीटी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। एमएलके पीजी कालेज में टीजीटी प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक प्रथम पाली और दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा होगी। 17 व 18 अगस्त को टीजीटी की परीक्षा एमएलके महाविद्यालय में कराई जाएगी। डीएम ने नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया है। परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र के बाहर चेकिंग कर ली जाए। परीक्षार्थी को परीक्षा कक्षा में इलेक्ट्रानिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
एसपी ने तीनों प्रवेश परीक्षाओं के दौरान एमएलके पीजी कालेज केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए पर्याप्त फोर्स तैनात करने का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद मिश्र, परीक्षा प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय व डीसी एनआरएलएम सूबेदार सिंह यादव आदि मौजूद रहे।