बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय सड़वा गुलरिहा में छात्रों का अपार आईडी बनाते शिक्षक सचिन कुमार शु
बलरामपुर। विद्यार्थियों के आधार और विद्यालय के रजिस्टर में मिल रहे अंतर के चलते अपार आईडी नहीं बन पा रही है। शिक्षक अपार आईडी न बन पाने को लेकर परेशान हैं। बीते दिनों बीएसए ने अपार बनाने में लापरवाही बरतने पर शिक्षकाें को चेतावनी जारी की थी। कार्रवाई की डर से शिक्षक बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर आधार सही कराने की गुजारिश कर रहे हैं।
शासन ने कक्षा एक से 12 तक निजी शिक्षण संस्थान, राजकीय शिक्षण संस्थान व वित्तविहीन शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी अनिवार्य कर दी गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेज में पारदर्शिता लाना और सुरक्षित डिजिटलीकरण को सुनिश्चित करना है। लेकिन जिले में इस महत्वपूर्ण आईडी को तैयार कराने में विद्यालय प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
जिले में 3,85,794 विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जानी है। इसमें से अभी तक 2,41,551 विद्यार्थियों की ही आईडी जनरेट हो सकी है। यूनाईटेड टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देव कुमार मिश्र ने बताया कि आधार और स्कूल के रजिस्टर में विद्यार्थियों के नाम व जन्म तिथि में अंतर के चलते यह समस्या आ रही है। अभिभावकों को आधार में नाम सही कराने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन अभिभावक इसमें रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
कार्य में तेजी लाने के निर्देश
जिले के सभी परिषदीय, निजी व राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जानी है। इस कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- शुभम शुक्ला, बीएसए