बलरामपुर। ठेकेदार के गुर्गों ने मंगलवार को सिंचाई विभाग सरयू नहर खंड-4 के जेई को दफ्तर में घुसकर पीट दिया। हमलावरों ने दफ्तर में ही पिस्टल लहराकर जेई को जान से मारने की धमकी भी दी। अन्य कर्मचारियों के हस्तक्षेप पर हमलावर धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली की पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
सरयू नहर खंड-4 बलरामपुर के जेई छीनक प्रसाद ने नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि मंगलवार को वह अपने कार्यालय के ड्राइंग सेक्शन में बैठे काम कर रहे थे। इसी बीच वीपी कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि राजू श्रीवास्तव व सोनू सिंह पिस्टल लेकर कार्यालय में घुस गए। इनके साथ एक और आदमी था। आरोप है कि इन लोगों ने जेई की पिटाई शुरू कर दी।
जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता की और जेई को खींचकर कार्यालय से बाहर ने जाने लगे। कार्यालय में मौजूद अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने किसी तरह जेई को बचाया। इस पर हमलावर पिस्टल लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। नगर कोतवाल रामाश्रय राय ने बताया कि जेई की तहरीर पर राजू श्रीवास्तव, सोनू सिंह व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ एससी/एसटी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।