बलरामपुर। कोरोना महामारी को लेकर मतदान कार्मिकों ने प्रशिक्षण केंद्रों पर फैली अव्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मतदान कार्मिकों ने डीएम व सीडीओ से शिकायत कर स्थलों पर साबुन, पानी, सैनिटाइजर के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था करने की मांग की है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ज्ञान सागर पाठक, संयुक्त मंत्री शिव कुमार सोनी व कमरुद्दीन अंसारी आदि ने डीएम, सीडीओ व बीएसए को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि प्रशिक्षण स्थलों पर समुचित रूप से सैनिटाइजर, पीने योग्य पानी, मास्क व अन्य सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं है। थर्मल स्क्रीनिंग का भी कोई इंतजाम नहीं है।
प्रशिक्षण स्थल पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है जिसके चलते कोरोना संक्रमण होने की संभावना बढ़ती जा रही है। मतदान कार्मिकों को कोरोना संक्रमण होने का डर सता रहा है। इन लोगों ने डीएम, सीडीओ व बीएसए से प्रशिक्षण स्थलों और पोलिंग बूथों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी सामग्री व उपकरण मुहैया कराने की मांग की है।