बलरामपुर। नगर के समग्र विकास व स्वच्छता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला अधिकारी विपिन जैन ने बुधवार को चौक बाजार से वीर विनय चौराहे तक निरीक्षण किया। मुख्य बाजार में सुगम यातायात, साफ-सफाई एवं अतिक्रमण अभियान को लेकर व्यापारियों से चर्चा की गई।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान नालों पर बनी दुकान, शौचालय एवं किसी भी तरह के अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य को दिया। चौक के पास से सब्जी एवं फल मंडी को हटाकर नहरबाला गंज स्थित नव-निर्मित मंडी में संचालित करने का निर्देश भी दिया। इसी तरह मीट एवं मछली की दुकानों को निर्धारित चिकमंडी में स्थानांतरित किए जाने की बात कही।
इसके अतिरिक्त चौराहों के सुंदरीकरण, नई नालियों के निर्माण, सार्वजनिक शौचालय एवं वॉटर कूलर की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। जिला अधिकारी ने व्यापारियों को नगर के विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एडीएम ज्योति राय, एसडीएम हेमंत कुमार, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष रमेश पहवा एवं व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, व्यापारी विजय अग्रवाल, कृष्ण गोपाल गुप्त, राम गोपाल, प्रीतपाल सिंह, संतोष गुप्ता व मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।
अतिक्रमण हटाने के लिए लगाया लाल निशान
नगर के चौक रोड पर डॉ. मजीद मोड़ से पूरब टोला पुलिस चौकी तक अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका कर्मियों ने लाल निशान लगा दिया है। लाल निशान लगने के बाद लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को नगर पालिका के कर निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने डॉ. मजीद मोड़ से पूरब टोला पुलिस चौकी तक सड़क के दोनों तरफ अवैध कब्जे पर लाल निशान लगाया। लोगों से 48 घंटे के अंदर अपना अवैध निर्माण खुद तोड़ने की अपील की गई।
गदुरहवा मोहल्ले से हटाया गया अतिक्रमण
बीते दिनों नगर पालिका प्रशासन द्वारा नगर के गदुरहवा मोहल्ले में स्थित पुरानी चिकमंडी की जमीन से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। बुधवार की सुबह नगर पालिका प्रशासन की टीम ने पुरानी चिकमंडी की जमीन से अतिक्रमण हटवा दिया। ईओ नगर पालिका लालचंद मौर्य ने बताया कि इस स्थान पर अब मांस-मछली की दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण होने के बाद मांस-मछली विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की जाएंगी।