बलरामपुर में निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते डीएम व अन्य ।-स्रोत: विभा
बलरामपुर। मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की पड़ताल तेज हो गई है। निर्माण में सुस्ती की खबर संवाद न्यूज एजेंसी ने अमर उजाला के 31 मार्च के अंक में माई सिटी में प्रकाशित की थी। बृहस्पतिवार को डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने विश्वविद्यालय के भवन निर्माण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा कार्यदायी संस्था को मुख्यमंत्री के स्तर से निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि अप्रैल में कार्य हर हाल में पूरा हो जाए। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक और छात्रावास (हॉस्टल) का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे शीर्ष प्राथमिकता पर रखते हुए समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने फिनिशिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पेंटिंग, फ्लोरिंग, विद्युत और प्लंबिंग सहित अंतिम चरण के कार्यों में अतिरिक्त जनशक्ति लगाई जाए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कक्षा की उपयोगिता के अनुरूप फर्नीचर की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए, जिससे आगामी शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे लैंडस्केप और सुंदरीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। निर्देश दिए कि परिसर को सुव्यवस्थित, आकर्षक और हरित वातावरणयुक्त बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा धीमी प्रगति पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।