बलरामपुर। गर्मी के दौरान हार्ड एरिया क्षेत्रों में परेशानी का सबब बनने वाला पेयजल संकट चुनाव लड़ रहे किसी भी प्रत्याशी के एजेंडा में शामिल नहीं है। तुलसीपुर तहसील के चार ब्लॉक में गर्मी के दौरान होने वाले भीषण पेयजल संकट से छुटकारा दिलाने को बनायी जाने वाली पानी की टंकियों का निर्माण बजट के अभाव में बीच में ही अटका पड़ा है। जिले में 56 करोड़ स्वीकृत लागत की 24 पेयजल परियोजनाएं अधूरी हैं। कार्यदायी संस्था जलनिगम को पानी की टंकियों का निर्माण कराने के लिए शासन से अभी तक सिर्फ 20 करोड़ की धनराशि ही मिल सकी है। कार्ययोजना में आठ सोलर आधारित और 16 परियोजनाएं बिजली से चलाने की तैयारी है। क्षेत्रीय लोगों में विधानसभा चुनाव के दौरान हार्ड एरिया में पेयजल संकट को मुद्दा न बनाए जाने पर नाराजगी भी देखी जा रही है।
कार्यदायी संस्था जलनिगम ने हार्ड एरिया अशुद्घ पानी वाले जिले के 24 ग्राम पंचायतों में पाइप पेयजल के जल शक्ति परियोजना से 55.9683 करोड़ की लागत से पानी की टंकियों का निर्माण कराया जाना है। शासन ने कार्यदायी संस्था को टंकियों के निर्माण के लिए अभी तक 19.9249 करोड़ रुपये का बजट ही आवंटित किया है। अधिशासी अभियंता जलनिगम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जल शक्ति मिशन योजना के तहत थारु जनजाति वाले क्षेत्र के सात ग्राम पंचायतों में सोलर आधारित पेयजल परियोजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। आठ ग्राम पंचायतों में बिजली से चलने वाली पाइप पेयजल परियोजनाओं का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने बताया कि शासन से 15 परियोजनाओं से जुड़ा कार्य पूरा कराने के लिए स्वीकृत बजट 28.2148 करोड़ की तुलना में 4.0487 करोड़ बजट ही मिला है जबकि 22.1661 करोड़ की बजट राशि मिलने का इंतजार है। इसके साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की तरफ से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत नौ पाइप पेयजल परियोजनाओं का निर्माण कराने के लिए शासन से स्वीकृत 27.7525 करोड़ के बजट की तुलना में अभी तक सिर्फ 13.8762 करोड़ का बजट ही मिला है। द्वितीय किश्त न मिलने से सभी नौ परियोजनाओं का निर्माण कार्य बंद पड़ा है। क्षेत्रीय ग्रामीण ननकने यादव, कमलेश कुमार पाल, दिनेश कुमार शुक्ल, आलमशाह व सुल्तान आदि ने आक्रोश जताते हुए कहा कि हार्ड एरिया में पानी की टंकियों का निर्माण पूरा न होने से शुद्ध पेयजल का सपना पूरा नहीं हो पा रहा।
शासन को भेजा गया प्रस्ताव
पांच-पांच हजार की आबादी वाले जिले के 24 ग्राम पंचायतों में कार्यदायी संस्था जलनिगम की तरफ से पाइप पेयजल योजना के तहत पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। सीडीओ रिया केजरीवाल हर माह कार्यदायी संस्था के साथ बैठक करके निर्माण के प्रगति की समीक्षा कर रही हैं। अब तक की प्रगति रिपोर्ट के साथ अवशेष बजट राशि पाने के लिए शासन को एक प्रस्ताव भी भेजा गया है।
श्रुति, डीएम