उतरौला (बलरामपुर)। कुवैत जाने के लिए फर्जी वीजा बनाने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को दुबई से यहां लाने के लिए पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। दूतावास से लिखापढ़ी की तैयारी पुलिस कर रही है। इसको लेकर पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है।
तुलसीपुर थाने के ग्राम रेहरा निवासी शकील अहमद ने 13 अक्तूबर को दुबई जाने के लिए फर्जी वीजा देने के मामले में उतरौला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की जांच में पाया गया था कि इस गिरोह का सरगना मो. ताहिर निवासी मझौवा कुर्थुवा थाना गैंडास बुजुर्ग है। उसका उतरौला के लालगंज में भी आवास है। वर्तमान में वह दुबई में रहा है। पुलिस ने उसके बैंक खातों की जानकारी करने के लिए पुलिस अधिकारियों को लगाया है। पुलिस अधिकारी बैंक खाता सीज करने के साथ ही उसका वीजा निरस्त कराने की तैयारी में हैं। इसके लिए दूतावास से पत्राचार किए जाने के लिए पुलिस अधिकारी तैयारी कर रहे हैं। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम इसको लेकर लगी हुई है, कई बिंदुओं पर कार्रवाई की जा रही है।(संवाद)