तुलसीपुर। बरसात में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पंचायत ने बृहस्पतिवार से नगर के सभी छोटे-बड़े नालों की व्यापक सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। वर्षों से पटे नालों में भारी मात्रा में मलबा जमा होने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। इसके चलते मामूली बारिश में भी सड़कों और घरों में पानी जमा हो जाता था।
नगर पंचायत प्रशासन ने मानसून से पहले स्थिति को सुधारने के लिए बाहर से करीब दो दर्जन कुशल एवं विशेषज्ञ सफाईकर्मियों की विशेष टीम बुलाई है। यह टीम बड़े नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कर रही है और आधुनिक तरीके से वर्षों से जमा मलबे को निकाल रही है। नई बाजार, पुरानी बाजार, जरवा रोड, बैरागी पुरवा, मिल चुंगी नाका, इटवा चौराहा, कलश चौराहा सहित नगर के सभी प्रमुख मोहल्लों और कॉलोनियों में सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है।
बरसात में इस बार नहीं जमा होगा पानी
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि नगर में 13 बड़े और 16 छोटे नाले हैं, जिनके माध्यम से पूरे क्षेत्र की जल निकासी होती है। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण इनकी समुचित सफाई नहीं हो पाती थी, लेकिन अब अतिक्रमण हटने के बाद नालों को पूरी तरह साफ किया जा रहा है। नगर प्रशासन ने दावा किया है कि इस बार बारिश के दौरान नगर में कहीं भी पानी नहीं लगेगा और लोगों को बेहतर जल निकासी व्यवस्था का लाभ मिलेगा।