बलरामपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन मतदाता सूची को दुरुस्त बनाने के साथ ही अन्य तैयारियां पूरी करने में जुटा है। इसके लिए संचालित मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान 43,232 नए वोटरों के नाम सूची में जोड़ने के साथ ही 37,623 डूप्लीकेट व मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए भी गए। लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सेदारी के लिए पात्रता के आधार पर नामांकन तिथि तक लोग अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। सभी मतदाता लोकतंत्र के महापर्व पर मतदान में हिस्सेदारी कर अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को अवश्य निभाएं। यह अपील जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अरविंद कुमार सिंह ने की।
उन्होंने बताया कि मतदाता बनने का मौका लोकसभा चुनाव के नामांकन के दिन तक मिलेगा। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के बाद सिर्फ सूची से नाम हटाने व त्रुटि सुधार संबंधी कार्यवाही रोक दी जाएगी। ऐसे में जिनके नाम छूट गए हैं, वह आनलाइन या व्यक्तिगत संपर्क करके नाम जुड़वा सकते हैं। किसी कारण से जिनके नाम सूची से हट गया है, वह अपने साक्ष्य देकर नाम जुड़वा सकते हैं। लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची को अपडेट किए जाने का कार्य नामांकन तिथि तक निरंतर चलता रहेगा ताकि हर पात्र को मतदान करने का मौका मिल सके।
डीएम ने बताया कि अगर किसी पात्र का नाम किसी कारण से इस नई मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट गया है तो वह वह अपना नाम ऑनलाइन-ऑफलाइन माध्यम से जुड़वा सकता है। इसके लिए बूथ लेबल आफिसर (बीएलओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय , मतदाता पंजीकरण केंद्र पर संपर्क किया जा सकता है। ऑन लाइन आवेदन के लिए http://voterportal.eci.gov.in अथवा https://voters.eci.gov.in या voter helpline app आदि से भी जुड़ा जा सकता है। इसकी मदद से पात्र फार्म छह भरकर अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने का आवेदन कर सकते हैं।