बलरामपुर। प्रयागराज में बीते दिनों आयोजित मस्ती की पाठशाला कार्यक्रम में एमएलके महाविद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य व शिक्षकों ने सभी को बधाई दी।
प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज से संबद्ध सदन लाल सनवलदास खन्ना महाविद्यालय की तरफ से 22 व 23 फरवरी को बीएड के छात्र-छात्राओं के लिए मस्ती की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में वाद-विवाद, छड़िकाएं, लोकनृत्य, लोकगीत व क्विज सहित 10 विधाओं की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के कई महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। एमएलके महाविद्यालय के छात्र मोहित सिंह ने वाद विवाद प्रतियोगिता में तृतीय, आकांक्षा वर्मा ने छड़िकाएं प्रतियोगिता में द्वितीय तथा समूह लोकनृत्य में कल्पना पांडेय की टीम ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया है।
उधर दूसरी तरफ एमएलके महाविद्यालय में अध्ययनरत एमएससी बाटनी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने बीते दिनों मध्य प्रदेश का शैक्षिक भ्रमण किया। शैक्षिक भ्रमण के दौरान पंचमढ़ी सहित पांडव गुफा, इको प्वाइंट, ग्रीन वेली, गुप्त महादेव, राजेंद्र गिरि उद्यान व चंपक झील आदि का प्राकृतिक, ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व जाना। विभागाध्यक्ष वनस्पति विज्ञान विभाग डॉ. राजीव रंजन ने विद्यार्थियों को बताया कि पंचमढ़ी को जैव विविधता के कारण पहचाना जाता है।