बलरामपुर। कलयुग में सिद्ध हो देव तुम्ही, हनुमान तुम्हारा क्या कहना... आदि भजनों की की धूम मंगलवार को जिलेभर में रही। ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार पर सभी मंदिरों में बजरंगबली की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों की भीड़ जुटी रही। कहीं पर सुंदर कांड, हनुमान चालीसा पाठ हुआ तो कहीं पर पूरे दिन मंगलगान व आरती का आयोजन किया गया। भक्तों द्वारा जगह-जगह भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण किया गया। नगर के साथ तुलसीपुर, उतरौला, श्रीदत्तगंज, पचपेड़वा, गैंसड़ी, ललिया, मथुरा, शिवपुरा, हरैय्या, गौरा, सादुल्लाहनगर व रेहरा बाजार में भी बजरंगबली की आराधना के लिए मंदिरों में भारी भीड़ जुटी।
नगर पालिका परिसर में मंगलवार को सुंदरकांड पाठ आयोजन किया गया। आरएसएस के विभाग संघ चालक सौम्य अग्रवाल, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने हनुमानजी की पूजा-अर्चना की। पाठ की समाप्ति के भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीपी सिंह, आद्या सिंह पिंकी, सर्वेश सिंह, झूमा सिंह, सुनीता मिश्रा आदि मौजूद रहे। नगर के भगवतीगंज चौराहा, उतरौला रोड, पहलवारा, तुलसीपार्क, सराय फाटक, चौक उत्तर लाइन, कालीथान चौराहा, पुरानी चौक व वीर विनय चौराहे पर भक्तों द्वारा हलुआ-चना व पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया
श्यामविहार कॉलोनी पहलवारा में महिला समूह की महिलाओं ने हवन-पूजन कर भंडारे का आयोजन किया। समूह की अध्यक्ष रजनी सिंह, उपाध्यक्ष ऊषा मिश्रा, सचिव वीना सिंह, सदस्य रीता गिरी, नीलम शुक्ला, वैजयंती सिंह, इंदू श्रीवास्तव आदि ने सुंदरकांड का पाठ कर आरती की।
बालाजी के जयकारों की रही गूंज
महराजगंज तराई। महाराजगंज शिव मंदिर में आयोजित भंडारे में विधायक कैलाश नाथ शुक्ला व डॉक्टर हुकुम सिंह, गणेश सोनी, प्रवेश मिश्रा, मोनू सिंह, शंकर यादव ने पूजन-अर्चन किया। चौक मंदिर बस स्टाप पर बालाजी के भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इसी क्रम में कौवापुर बाजार में आयोजित भंडारे में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की ने बालाजी सरकार की आरती उतारकर प्रसाद ग्रहण किया। तुलसीपुर के हनुमानगढ़ी मंदिर में भी बड़े मंगल पर पूजन-अर्चन हुआ।