बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियों के मद्देनजर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 15 नवंबर तक शिक्षकों और कर्मचारियों का शत-प्रतिशत डाटा अपडेट कराने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के साथ ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं तथा मूल्यांकन कार्य के लिए परीक्षकों की नियुक्ति, कक्ष निरीक्षण और अन्य दायित्वों के निर्वहन के लिए शिक्षकों के कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र तैयार किए जाने हैं। इसके लिए सभी विद्यालयों को परिषद के पोर्टल पर शिक्षक और कर्मचारियों का सही एवं पूर्ण विवरण दर्ज कराना होगा।
डीआईओएस ने निर्देश दिया है कि शिक्षकों के नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, अध्यापन विषय और मोबाइल नंबर से संबंधित प्रविष्टियां पूरी तरह सही होनी चाहिए। शिक्षक जिस कक्षा के लिए नियुक्त हैं, उसी के अनुरूप विषय कोड दर्ज किया जाए। विद्यालय छोड़ चुके अथवा दिवंगत शिक्षकों के नाम पोर्टल से हटाए जाएं। वहीं, नवनियुक्त शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।
डुप्लीकेट विवरण हटाने और शैक्षिक प्रमाणपत्र अपलोड करने पर जोर
डीआईओएस ने शिक्षकों की स्नातक और परास्नातक स्तर की शैक्षिक योग्यता का स्पष्ट विवरण दर्ज करने के साथ ही संबंधित प्रमाणपत्र पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। एक शिक्षक का विवरण दो विद्यालयों में दर्ज नहीं होना चाहिए। प्रधानाचार्य डाटा फाइनल करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि संबंधित शिक्षक उनके विद्यालय में ही कार्यरत है।
परिषद की ओर से डिबार किए गए शिक्षकों को पोर्टल पर निर्धारित श्रेणी में दर्शाना होगा। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी शुद्धता के साथ डाटा अपडेट कराने की हिदायत दी है।