श्रीदत्तगंज। बाजार स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर में चल रही रामलीला में शुक्रवार रात युद्ध प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कुंभकर्ण, मेघनाद, अहिरावण और महिरावण के वध के साथ ही रावण वध तथा भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रावण का अंत होते ही अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश गूंज उठा। वहीं, श्रीराम के अयोध्या लौटने पर उनके भव्य स्वागत का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया।
मंचन की शुरुआत रावण द्वारा कुंभकर्ण को जगाने से हुई। रावण ने उसे युद्ध का पूरा घटनाक्रम सुनाया। कुंभकर्ण ने रावण को सीता को सम्मानपूर्वक लौटाने और युद्ध रोकने की सलाह दी, लेकिन अहंकार में डूबे रावण ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद कुंभकर्ण युद्धभूमि में पहुंचा और भगवान श्रीराम की सेना से युद्ध करते हुए मारा गया।
इसके बाद मेघनाद ने युद्ध की कमान संभाली। उसने युद्ध से पहले यज्ञ शुरू किया, लेकिन लक्ष्मण, हनुमान और वानर सेना वहां पहुंच गए और यज्ञ विध्वंस कर दिया। लक्ष्मण और मेघनाद के बीच हुए भीषण युद्ध में मेघनाद का अंत हो गया।
इसके बाद रावण ने अहिरावण और महिरावण को राम-लक्ष्मण का अपहरण कर पातालपुरी ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी। हनुमान जी ने दोनों का वध कर प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को मुक्त कराया।
अंत में राम और रावण के बीच निर्णायक युद्ध हुआ। विभीषण ने रावण की मृत्यु का रहस्य बताया, जिसके बाद भगवान श्रीराम ने उसका वध कर दिया। रावण के अंत के साथ ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इसके बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण की अयोध्या वापसी तथा उनके भव्य स्वागत का दृश्य दिखाया गया।
कार्यक्रम में आयोजक महंत जितेंद्र वन, समिति अध्यक्ष अनूप सिंह, प्रबंधक राजेश कुमार वर्मा, राजकरन पाठक, संरक्षक राम लौटन जायसवाल, गोमती प्रसाद जायसवाल, प्रेम प्रकाश जायसवाल, अमरेंद्र जायसवाल, कोषाध्यक्ष कामता प्रसाद मौर्य, पुजारी योगेंद्र वन, महेंद्र श्रीवास्तव, विक्की कौशल, नीरज यादव, जितेंद्र गुप्ता, साजन, जवाहरलाल कौशल, लाल बहादुर कौशल, सचिन वर्मा और आकाश कुमार आदि मौजूद रहे।