गैंड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बंजरहा गांव के बाहर बाग में आम के पेड़ पर युवक का शव लटका मिला है। मृतक की पहचान जुबैर अहमद निवासी हुसैनाबाद ग्रंट के रूप में हुई है। बांकभवानी चौकी प्रभारी चंद्रपाल यादव ने बताया कि सोमवार को बंजरहा गांव के बाहर बाग में एक व्यक्ति का शव आम के पेड़ पर रस्सी से बंधे फंदे पर लटका मिला है।
मौके पर मिले बैग से उसका व उसकी पत्नी आबिदा खातून का आधार कार्ड मिला तो जानकारी हुई कि वह इसी गांव के बलुआ जंगली माफीडीह निवासी हबीबुल रहमान का दामाद है। हबीबुल को बुलाकर मृतक की पहचान कराई गई। जुबैर के ससुर व पत्नी का कहना है कि वह दो महीने से उनके संपर्क में नहीं था। आबिदा खातून एक महीने से अपने पिता के घर पर ही रह रही थी। थाना प्रभारी गौरव सिंह तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।