स्वारघाट(बिलासपुर)। श्रीनयना देवी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले औद्योगिक क्षेत्र ग्वालथाई में चल रहे टाइडल लैबोरेट्री प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से कर्मचारी को गेट पास न देने पर अन्य कर्मचारी भड़क गए। गुस्साएं कर्मचारियों ने कंपनी के गेट के बाहर जम कर धरना प्रदर्शन किया। वहीं दिन भर उद्योग में किसी भी प्रकार का कार्य नहीं होने दिया।
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी लंबे समय से मजदूरों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है जो अब किसी भी सुरत में सहन नहीं होगा। मजदूरों ने कंपनी से मांग की है कि मनोज कुमार को फिर से कंपनी में कार्य करने के लिए रखा जाए। अगर कंपनी ऐसा नहीं करती है तो कोई भी मजदूर कार्य नहीं करेगा।
जिला बिलासपुर एटक के जिला संयोजक कॉमरेड भाग सिंह ने बताया कि यूनियन के प्रधान विक्रम सिंह की अगुवाई में सभी मजदूर गेट के पास धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार के दिन भी सभी मजदूरों ने सोमवार शाम के समय 5 से 6 बजे तक प्रदर्शन किया था। कंपनी की मनमानी के चलते मंगलवार से सभी मजदूरों ने काम करना रोक दिया है तथा सभी मजदूर धरने पर बैठ गए हैं।
उन्होंने कहा कि उक्त कंपनी मजदूरों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। मजदूरों का शोषण का भी आरोप लगाया जा रहा है। जब तक कंपनी नहीं झुकेगी मजदूरों का संघर्ष जारी रखा जाएगा। मजदूरों का कहना है कि कंपनी काम पर लगे मजदूरों को प्रताड़ित करने का कोई मौका नहीं छोड़ती है लेकिन अब मजदूरों ने फैसला कर लिया कि जब तक कंपनी मजदूरों की मांगों को नहीं मानती है आंदोलन जारी रहेगा।