बेखौफ बदमाशों ने पुलिस टीम पर झोंका फायर
बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार भोर बाइक सवार बदमाशों ने पूछताछ के लिए रोकने पर डायल-100 की टीम पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की तो बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक व मौके से मिले अहम दस्तावेज के आधार पर एक नामजद तथा दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक व यूपी डायल-100 के जनपद प्रभारी इंस्पेक्टर साधूराम ने शनिवार को बताया कि उनकी गाड़ी पीआरबी 2469 सुबह में करीब 3.45 बजे बुड़ंतापुर गांव के पास क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
गाड़ी में रणधीर सिंह, वीरेन्द्र कुमार मिश्रा व अशोक कुमार मौजूद थे। इसी बीच एक बाइक पर तीन लोग आते हुए दिखाई दिए। सिपाहियों ने बाइक रोक कर बदमाशों से पूछताछ करनी चाही तो एक बदमाश ने तमंचे से फायर शुरू कर दिया।
पुलिस कर्मियों ने बताया कि बदमाश ने एक राउंड फायर किया लेकिन गोली चली नहीं बल्कि फायर मिस हो गया। आत्मरक्षा में सिपाही रणधीर सिंह ने भी अपनी निजी पिस्टल से जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के आक्रामक होते ही बदमाश अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे में गायब हो गए। मौके से पुलिस को गुदरा जद्दापुर थाना तुलसीपुर निवासी अब्दुल मुतलिब का आधार कार्ड मिला है। बाइक की डिक्की से तमंचा व जिंदा कारतूस, एक छाता बरामद हुआ है।
छाता इसी थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुई चोरी का माल है। साधूराम ने बताया कि सिपाही वीरेन्द्र मिश्रा की तहरीर पर अब्दुल मुतलिब व दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बाइक व छानबीन के दौरान बदमाशों के संबंध में अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। प्रभारी निरीक्षक महराजगंज तराई गंगेश शुक्ला ने बताया कि शीघ्र ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा ।