बलरामपुर। डेढ़ लाख रुपये लेेकर परिवहन निगम में संविदा परिचालक की फर्जी नौकरी बांटने वाले दो लोगों को नगर कोतवाली की पुलिस ने धर दबोचा है। इनके पास से एक लाख 15 हजार रुपये नकद तथा नियुक्ति फॉर्म, फोटो लगे आवेदन फॉर्म व नियुक्ति पत्र आदि बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर नगर कोतवाल संजय कुमार दूबे ने परिवहन निगम बलरामपुर डिपो के पास से फर्जी नौकरी की दुकान चला रहे दो लोगों को पकड़ा है। आरोपी लोगों से डेढ़ लाख रुपये लेकर संविदा परिचालक का फर्जी नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। यह लोग फर्जी दस्तावेज के सहारे लोगों को बेवकूफ बनाकर वसूली कर रहे थे।
इनके पास से एक लाख 15 हजार नकदी भी बरामद हुई है जो कि इन लोगों ने फर्जी नौकरी देने के नाम पर लिया था। इन्हीं लोगों के पास से आठ फर्जी संविदा नियुक्ति पत्र, संविदा नियुक्ति के लिए तीन आवेदकों के फोटो सहित आवेदन फॉर्म, 112 सेट छपा हुआ फॉर्म और एक सफारी गाड़ी बरामद कर सीज कर दी गई है।
आरोपियों की पहचान चंद्र प्रकाश निवासी कल्याणपुर थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती और आशीष शुक्ला निवासी भगवतीगंज सुआंवपुल नगर कोतवाली बलरामपुर के रूप में हुई है। दोनों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। (संवाद)