बलरामपुर। अगर आप नगर में ब्रांडेड कंपनियों के कास्मेटिक का सामान खरीद रहे हैं तो सावधान हो जाए यहां नकली सामान बिक रहा है। यह खुलासा बीते शुक्रवार को नगर की सात दुकानों पर मारे गए छापे के दौरान हुआ है। इन दुकानों से हिन्दुस्तान यूनिलीवर कंपनी का करीब 10 लाख रुयेए का नकली सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों की तहरीर पर सात दुकानदारों के खिलाफ कापीराइट एक्ट का केस दर्ज किया है।
नगर कोतवाल मानवेन्द्र पाठक ने बताया कि हिन्दुस्तान यूनिलीवर के आपरेशन मैनेजर दीपक यादव, एरिया इंचार्ज अमित भल्ला, अंसार खां व सुभाष शर्मा ने शिकायत की कि नगर की कुछ दुकानों पर कंपनी का नकली सामान बेचा जा रहा है। इनकी शिकायत पर रहमानी कास्मेटिक, रईस ट्रेडर्स, अभिषेक ट्रेडर्स, फजल जनरल स्टोर, दिनेश कुमार तथा कशिश की दुकानों पर छापा मारा गया। इन दुकानों से ब्रांडेड कंपनियों के कास्मेटिक नकली उत्पाद बरामद किए गए हैं।
बरामद सामानों में लैक्मे की क्रीम व काजल, नेल पालिश, फेस पाउडर, फेसक्रीम आदि शामिल है। कोतवाल ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों की तहरीर पर सभी दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया दहै। बरामद सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। सभी सामान सील कर दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।