बलरामपुर। जिले के 1,814 परिषदीय स्कूल फूलों की खुशबू से महक उठेंगे। इसके अलावा इन स्कूलों में छायादार पौधे भी रोपे जाएंगे। हर स्कूल में ताजी सब्जियों के लिए किचन गार्डन भी विकसित किया जाएगा। स्कूल परिसर को ईकोफ्रेंडली बनाने के लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों में वृहद पौधरोपण करने की कार्ययोजना तैयार की है। स्कूल स्टाफ पर विद्यालय परिसर में सुंदर गार्डन और सुगंधित पुष्पों के पौधे परिसर में रोपित करने की जिम्मेदारी रहेगी।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि पौधरोपण अभियान के तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में छायादार पौधे रोपे जाएंगे। पौधों की देखभाल के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। छुट्टे मवेशियों से सुरक्षा के लिए पौधों पर ट्री गार्ड भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विद्यालय में पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। माॅनसून शुरू होते ही पौधरोपण का काम शुरू कर दिया जाएगा।