बलरामपुर। कोरोना वायरस का संक्रमण जिले में खतरनाक होता जा रहा है। मंगलवार को एक 65 वर्षीय वृद्ध की कोरोना से मौत हो गई। इसी के साथ जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 10 हो गई है। सोमवार की रात व मंगलवार को आई कोरोना रिपोर्ट में जिले से कुल 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों को इलाज के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की कुल संख्या 476 व एक्टिव केस की संख्या 203 हो गई है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि बलरामपुर नगर क्षेत्र के मोहल्ला टेढ़ी बाजार निवासी एक 65 वर्षीय वृद्ध नसीर बीते दिनों कोरोना की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने और हालत खराब होने पर उन्हें मेयो मेडिकल कालेज बाराबंकी में भर्ती कराया गया था। वहीं पर इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। इससे पूर्व भी जिले में 9 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। इस तरह जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 10 हो गई है।
सीएमओ ने यह भी बताया कि सोमवार की रात व मंगलवार को आई कोरोना रिपोर्ट में जिले से कुल 12 लोग पॉजिटिव पाए गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों में एसएसबी कैंप सेखुईया से दो, पुरानी बाजार तुलसीपुर से दो, रफीनगर उतरौला से एक, प्रथमा ग्रामीण बैंक श्रीदत्तगंज से एक, नई बाजार पचपेड़वा से एक तथा बलरामपुर नगर क्षेत्र के अचलापुर वार्ड से दो, सिटी पैलेस रमनापार्क से एक और बलरामपुर ग्रामीण क्षेत्र के गोपालपुर व कटरा शंकरनगर गांव से एक-एक लोगों की रिपोर्ट शामिल है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को इलाज के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय घुघूलपुर स्थित लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए सभी व्यक्तियों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
लेवल-1 हॉस्पिटल बलरामपुर में भर्ती 11 कोरोना मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने मंगलवार को बताया कि स्वस्थ होने वाले सभी मरीजों को सुरक्षा किट देकर घर भेज दिया गया है। सभी मरीजों को कम से कम 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 476 हो गई है। 263 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 10 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना वायरस के एक्टिव केस 203 है।