बलरामपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में एक सिपाही पर पत्नी की पिटाई करने और जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगा है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने सिपाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसकी रिपोर्ट एसपी को भी भेजी गई है। नगर कोतवाल दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के बड़गांव निवासी प्राची यादव ने अपने पति कुलदीप कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि वह बीते मंगलवार की शाम को खाना बना रही थीं। उनके पति ड्यूटी से आए और कमरा बंद कर हथौड़ी व गर्म तवे से पिटाई की। जिससे सिर, चेहरे, नाक, आंख और पीठ पर चोटें आईं। इसके बाद गैस सिलिंडर खोल कर आग लगाने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर लोग एकत्र हुए तो जान बच सकी।
प्रीति का कहना है कि उसके पति का एक महिला से अवैध संबंध है, जिसे वह मंजूर करने का दबाव बना रहा है। वह लगातार इसका विरोध कर रही है। इसके चलते वह मार डालना चाहता है। बताया कि इसके पूर्व वह एक बार उनके साथ मारपीट कर चुका है। बताया कि पति के परिजन भी उसी का साथ दे रहे हैं, क्योंकि जिस महिला से संबंध है उसके पास काफी संपत्ति है। बताया कि पति ने उसके इकलौते भाई की हत्या करने की धमकी दी, जिससे उसने मुकदमा दर्ज कराया। उधर एफआईआर दर्ज होने के बाद सिपाही लापता हो गया है। एसपी विकास कुमार ने सीओ नगर से मामले में रिपोर्ट मांगी है।