फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बादलों ने रोका धूप का रास्ता, कोहरे ने फैलाई धुंध की चादर

Sun, 15 Nov 2026 11:23 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-20-गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर इटियाथोक में सुबह साढ़े सात 
विज्ञापन
बलरामपुर। नवंबर के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार को जिले में सुबह की शुरुआत घने कोहरे और ठंड के बीच हुई। सुबह करीब 10 बजे तक आसमान से लेकर जमीन तक धुंध की चादर फैली रही। सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। हाईवे से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक वाहन चालक लाइट जलाकर गुजरते नजर आए। सुबह की ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। जरूरी काम से बाहर निकले लोग स्वेटर, जैकेट और मफलर सहित गर्म कपड़ों में नजर आए।
विज्ञापन


दोपहर करीब तीन बजे सूर्यदेव ने हल्की झलक दिखाई तो लोगों को लगा कि मौसम साफ होगा, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। करीब चार बजे फिर बादलों ने आसमान को ढक लिया। दिनभर धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली चलती रही। शाम होते ही ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम के इस बदलाव ने लोगों को सर्दियों की तैयारियां शुरू करने का संकेत दे दिया।

रेलवे व बस स्टेशन पर भी दिखा मौसम का असर

कोहरे का असर रेलवे और रोडवेज बस स्टेशन पर भी दिखाई दिया। सुबह सफर के लिए पहुंचे यात्री गर्म कपड़ों में नजर आए। बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों को ठंडी हवाओं के बीच परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों का कहना था कि सुबह कोहरे के कारण सड़क पर दूर तक दिखाई नहीं देता। ऐसे में सफर के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
विज्ञापन


यात्री प्रमोद कुमार ने बताया कि सुबह कोहरे के कारण सड़क पर सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। ऐसे में बस और अन्य वाहनों से सफर करने में परेशानी होती है। चालकों को धीमी गति से वाहन चलाना चाहिए। राजेश ने बताया कि सुबह ठंड के साथ कोहरा होने से यात्रा में दिक्कत हुई। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, ममता गुप्ता ने कहा कि सुबह बच्चों और महिलाओं के साथ सफर करना मुश्किल हो जाता है। कोहरे में सामने से आने वाले वाहन भी देर से दिखाई देते हैं। ऐसे में चालकों को जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।

कोहरे के चलते इंटरसिटी ट्रेन भी देरी से पहुंची। बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:52 बजे था, लेकिन वह 8 बजे स्टेशन पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोहरे में बस चलाना चुनौतीपूर्ण

रोडवेज बस चालक सभाजीत मिश्रा ने बताया कि कोहरे में बस चलाते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। कम दृश्यता के कारण सामने चल रहे वाहन का पता देर से चलता है। ऐसे में बस की गति नियंत्रित रखनी पड़ती है और सुरक्षित दूरी बनाकर चलना जरूरी होता है।

बस चालक अमित पाठक ने बताया कि सुबह कोहरा अधिक होने पर सड़क के किनारे और मोड़ पर विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। यात्रियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए कोहरे में जल्दबाजी करने के बजाय सावधानी से बस चलाना जरूरी है।

कोहरे को लेकर परिवहन विभाग सतर्क, जागरूकता अभियान तेज

मौसम में बदलाव के साथ ही कोहरे में सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। एआरटीओ बृजेश ने बताया कि जिले में बहराइच रोड स्थित चकवा पुलिस चौकी के पास एक ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया है। इसके अलावा सात संभावित दुर्घटना स्थल भी चिह्नित किए गए हैं। इनमें बेल्हा, लवकहवा, राजापुर भरिया जंगल, कौवापुर मोड़, एसएसबी कैंप के पास बहराइच रोड और कल्ला भट्ठा सहित अन्य स्थान शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना संभावित स्थलों के पास सांकेतिक बोर्ड लगाए गए हैं। परिवहन विभाग की ओर से अभियान चलाकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कोहरे में हेडलाइट और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें