बलरामपुर के नथईडीह में बनी पानी की टंकी ।-संवाद
बलरामपुर। जल जीवन मिशन के तहत घरों में नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य आगे बढ़ रहा है। 629 पेयजल परियोजना में से 328 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं 198 गांवों में जलापूर्ति शुरू हो गई है। शेष गांवों में भी जल्द ही जलापूर्ति शुरू करने के लिए जल निगम ग्रामीण की टीम कार्य पूरा करने में लगी है।
जिले में 629 पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें फेज-2 की 199 और फेज-3 की 430 योजनाएं शामिल हैं। फेज-2 के तहत अब तक 145 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं और 123 गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है, जबकि शेष योजनाएं अंतिम चरण में हैं। इसी तरह फेज-3 के तहत 183 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 75 गांवों में नल से जलापूर्ति की जा रही है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दी गई है। अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण संदीप सिंह ने बताया कि फेज-2 में 235 और फेज-3 में 480 राजस्व गांवों में सड़क पुनर्स्थापना का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
सभी गांवों में जल्द शुरू की जलापूर्ति
जिले में जल जीवन मिशन के तहत 629 पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से 328 परियोजनाएं ही अभी तक पूरी हो सकी हैं। जल्द से जल्द सभी परियोजनाएं पूरी करके जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
- विपिन कुमार जैन, जिलाधिकारी