बलरामपुर के गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र में बिटिया के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म व दरिंदगी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 20 घंटे की रिमांड पर लिया है। पुलिस मुख्य आरोपी शाहिद से घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी। संभावना है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिल सकते हैं। न्यायालय ने आरोपी शाहिद को रिमांड पर देने का आदेश विवेचक के प्रार्थना पत्र पर दिया है।
विदित हो कि पुलिस ने मामले में बिटिया के मुख्य आरोपी शाहिद समेत कुल चार लोगों को जेल भेजा है। इनमें शाहिद के अलावा उसका भतीजा साहिल, कंपाउंडर और रिक्शे वाला शामिल है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से घटना में कई और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई थी तथा यह मांग की थी कि मुख्य आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करे।
इसी क्रम में मामले के विवेचक सीओ उतरौला राधारमण सिंह ने मुख्य आरोपी शाहिद को रिमांड पर लेने का प्रार्थना पत्र एडीजे प्रथम/पॉक्सो कोर्ट में दाखिल किया। न्यायाधीश जमशैद अली ने बुधवार को विवेचक के रिमांड की अर्जी मंजूर करते हुए शाहिद को 20 घंटे की पुलिस रिमांड पर दिया है।