फोटो-1-बलरामपुर के सोनपुर चौराहे पर सियासी चर्चा करते लोग।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
गैसड़ी (बलरामपुर)। विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज होने लगी है। हर तरफ विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं की जा रही है। कोई पार्टी की नीतियों पर चर्चा कर रहा है तो कोई जनप्रतिनिधि को लेकर प्राथमिकता गिना रहा है। नेपाल सीमा से सटे थारू बाहुल्य वाले इलाके में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। यहां के लोग ऐसा जनप्रतिनिधि चुनना चाहते हैं जो सर्व सुलभ होने के साथ क्षेत्र की विकास को गति दिला सके। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि ईमानदार होने के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने में सक्षम होना चाहिए।
गैसड़ी बाजार के सोनपुर चौराहे पर बीते दिन चुनावी चर्चा में लोगों ने विधायक की खूबियों पर खुलकर अपनी बात रखी। पृथ्वी राज मौर्य ने कहा कि नेपाल सीमा से सटे गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के थारू बाहुल्य गांवों में बुनियादी सुविधाओं का अकाल है। कई गांवों में शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। हम लोग ऐसा विधायक चाहते हैं जो सबकी समस्याओं को सुने और क्षेत्र का विकास कराएं। अशोक कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधि सर्व सुलभ होना चाहिए। हम ऐसा जनप्रतिनिधि चुनेंगे जो लोगों को सड़क, बिजली, पानी की सुविधाएं दिला सके। राज नरायन ने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसा हो जो बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए। सभी लोगों के साथ समान व्यवहार करे और सबके सुख-दुख में शामिल हो।
युवा मतदाता मजहर हुसैन ने कहा कि हमे पहली बार वोट डालना है। हम ऐसा विधायक चुनेंगे जो युवा होने के साथ ही शिक्षित व ईमानदार हो। क्षेत्र में शैक्षिक संस्थानों की स्थापना कराकर बालक-बालिकाओं के लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था कर सके। अतुल कुमार यादव ने कहा कि विधायक साफ-सुथरी छवि का होना चाहिए। हम ऐसा विधायक चुनना चाहेंगे जो सभी लोगों को रोजगार का अवसर उपलब्ध करा सके। राम जी ने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जो लगातार अपने क्षेत्र में रहकर लोगों की समस्याएं सुने और उसका निस्तारण कराएं। गांवों में आवागमन सुलभ बनाने के लिए पक्की सड़क की व्यवस्था कर सके। हरि शंकर तिवारी ने कहा कि नेपाल सीमा से सटे होने के बावजूद इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति काफी खराब है। यहां के लोगों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। हम ऐसा विधायक चुनेंगे जो क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी को अपनी प्राथमिकता में शामिल करेगा।