बलरामपुर। लोगों की लापरवाही के चलते जिले में कोरोना संक्रमण का प्रसार तेजी से हो रहा है। मंगलवार को जिले में मुख्य विकास अधिकारी, पुलिसकर्मी व एसएसबी जवान सहित कुल 22 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीडीओ आवास में भी एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। कोरोना के कुल एक्टिव केस 52 हो गए हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
एसीएमओ डॉ. एके सिंघल ने बताया कि जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी तथा एसएसबी नौवीं वाहिनी के तीन जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पुलिस लाइन में भी एक पुलिसकर्मी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसी तरह भटपुरवा तुलसीपुर, सिंघपुर व दलपतपुर शिवपुरा, बढ़या पकड़ी उतरौला, दालपुर गैसड़ी, राजपुरमाफी व सोनापार रेहरा बाजार, जोगनिया पचपेड़वा, बलरामपुर के सीडीओ आवास, भगवतीगंज, पहलवारा, पुरैनिया तालाब, हांसडीह, श्याम बिहार कॉलोनी तथा खलवा में एक-एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
इस तरह जिले में कोरोना के कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर अब 52 हो गई है।
पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों की हालत गंभीर न होने पर उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने तथा घर के सदस्यों से दूरी बनाकर रहने का सुझाव दिया गया है। सभी लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी लोगों की निगरानी की जा रही है।