बलरामपुर। गौरा चौराहा थाने के जमुवरिया गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की मां ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतका के पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक थाना गौरा चौराहा सत्येंद्र कुमार वर्मा ने मंगलवार को बताया कि जनपद सिद्धार्थनगर के थाना त्रिलोकपुर के छोटका बसंतपुर गांव निवासी कैलाशी ने तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि उसकी संगीता (25) की शादी तीन साल पहले गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के जमुवरिया गांव में विनय कुमार के साथ हुई थी। उसकी बेटी ससुराल में रह रही थी। उसके नौ माह का एक बच्चा भी है।
आरोप लगाया कि बेटी को ससुरालीजन दहेज को लेकर आए दिन प्रताड़ित कर रहे थे। मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने एक दिसंबर की रात में फांसी लगाकर जान दे दी थी। सूचना पाकर मायके वाले दो दिसंबर को पहुंचे तो ससुरालीजनों ने बेटी के शव का पोस्टमाॅर्टम कराकर अंतिम संस्कार भी कर दिया था।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति विनय कुमार समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के पति को जेल भेज दिया गया है। विवेचना के बाद बाकी बचे अन्य पर भी कार्रवाई की जाएगी।