हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरैया तुलसीपुर मार्ग पर बेलवा गांव के पास बोलेरो-ई रिक्शा सोमवार की रात करीब नौ बजे आमने-सामने टकरा गए। इसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों को भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे बोलेरो चालक विजय कुमार (25) निवासी भंगहा तुलसीपुर जा रहा था। बोलेरो में जगदंबा प्रसाद (54), बच्चाराम (58) निवासी धंवरीखुर्द थाना हरैया, बड़ेलाल (49) निवासी धनगढ़वा व मुकेश (25) निवासी हरिहरपुर थाना हरैया भी बैठे हुए थे।
बोलेरो जब बेलवा गांव के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी टक्कर हो गई। इसके बाद बोलेरो पेड़ से टकराने के बाद सड़क से नीचे चली गई। वहीं, ई-रिक्शा भी सड़क से नीचे चला गया। इसमें बोलेरो में सवार पांच लोगों के साथ ही ई-रिक्शा चालक राम केवल (35) घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर के लिए रेफर कर दिया। एसओ ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जाम से हुई परेशानी
गोंडा रोड पर कुआनो पुल के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। इसमें किसी के चोटिल होने की खबर नहीं है। ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से जाम लग गया, इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात बहाल करवाया।