हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र में सोमवार को भाजपा नेता की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या विरोधियों ने बालू के अवैध खनन का विरोध करने तथा पंचायत चुनाव की रंजिश के कारण की थी। हत्या करने वाले पांच आरोपियों में तीन को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धर दबोचा है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना के कारण का खुलासा किया है। मामले में दो आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
बल्दीडीह निवासी भाजपा नेता कृष्ण प्रकाश शुक्ला की ट्रैक्टर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने के मामले में उनके भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने राजेश उर्फ राकेश यादव महंत, उमाकांत, राहुल, सतीश व जितेन्द्र पांडेय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कुल छह टीमें लगाई गई थी। प्रभारी निरीक्षक जयदीप दूबे ने बताया कि बुधवार को इसी मामले में दो साजिशकर्ता गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे।
देरशाम मुखबिर की सूचना पर आरोपी जितेन्द्र कुमार पांडेय निवासी ग्राम भुलभुलिया, राहुल यादव तथा सतीश प्रजापति निवासी ग्राम कठकुइयां को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह लोग बाहर भागने की फिराक में थे। तीनों से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने बताया कि भाजपा नेता बालू के अवैध खनन का विरोध करते थे। ग्राम पंचायत चुनाव में भी उन्होंने अपना प्रत्याशी जिताकर हम लोगों को हरा दिया था।
विपक्षी इसी बात की रंजिश रखते थे और इसी के चलते उनकी हत्या कर दी गई। आवश्यक पूछताछ कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले में आरोपी राकेश यादव महंत तथा उमाकांत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। शीघ्र ही इन दोनों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने हत्या में मारे गए भाजपा नेता कृष्ण प्रकाश शुक्ल की पत्नी ममता शुक्ला को किसान बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। विधायक ने परिजनों को आगे भी यथासंभव मदद दिलाए जाने का भरोसा दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी आदि मौजूद रहे।