बलरामपुर। स्थानीय ब्लॉक के सरायखास गांव में शनिवार को जल जीवन मिशन के तहत कार्यक्रम कर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि उनके गांव में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। इससे गांव के आठ हजार लोगों को पीने का शुद्ध पानी मिलेगा।
जल जीवन मिशन के रवि प्रताप यादव व सुभाष चौधरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि दूषित जल का सेवन करने से तमाम बीमारियां पनपती हैं। स्वच्छ जल का प्रयोग करने से शरीर स्वस्थ रहता है। बीमारियां पास नहीं आती हैं। अधिक भूगर्भ से जल दोहन करने से प्राकृतिक संकट उत्पन्न हो सकता है। पानी बर्बाद न करें। बिना पानी के जीवन संभव नहीं है।
ग्राम प्रधान गंगाराम वर्मा ने कार्यक्रम की सराहना की और गांव में पानी की टंकी का निर्माण कराए जाने पर खुशी जताई। ग्रामीण महाराजदीन, राधेश्याम, चंद्रहास सिंह, धनपता, बबिता, सुमन, रुचि सिंह, गीता, जग प्रसाद, सीतापति आदि ने भरोसा दिलाया कि पानी की टंकी का निर्माण कराने में पूरी तरह से सहयोग करेंगे, जिससे गांव के लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सकेेगा।