बलरामपुर। थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम में टेक्सटाइल-गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित होने से स्थानीय थारू महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इकाई के संचालन के लिए अनुभवी औद्योगिक प्रतिष्ठानों से नौ अक्तूबर तक आवेदन मांगे गए हैं।
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि परियोजना में करीब 300 से 400 महिलाओं को उद्योग की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना है। इसके लिए परिसर में सिलाई केंद्र, वेयरहाउस, कार्यालय और आवास की सुविधा उपलब्ध है। यहां 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर, सौर ऊर्जा और इंटरनेट कनेक्टिविटी की भी व्यवस्था है। परियोजना स्थल एनएच-730 और बढ़नी भारत-नेपाल सीमा से सड़क मार्ग से जुड़ा है।
गारमेंट निर्माण क्षेत्र में पंजीकृत संस्थाओं के लिए वर्ष 2025-26 में कम से कम एक करोड़ रुपये का कारोबार और मशीनरी, कच्चे माल व कार्यशील पूंजी में न्यूनतम 50 लाख रुपये निवेश की अपेक्षा की गई है। पात्र इकाइयों को सरकारी नीतियों के तहत सब्सिडी और अन्य वित्तीय प्रोत्साहन मिल सकेंगे। इच्छुक संस्थाएं singhtdduplkogmail.com पर आवेदन भेज सकती हैं।