फोटो-6-बलरामपुर के आंगनबाड़ी केंद्र सराय खास में नौनिहालों को पढ़ाती आंगनवाड़ी कार्यकर्ता।-संवा
रेहराबाजार। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत नौनिहालों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को अब ताजा, पौष्टिक और निशुल्क नाश्ता व दोपहर का भोजन मिलेगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत एक अक्तूबर से योजना का औपचारिक संचालन शुरू होगा। पहले चरण में 21 ग्राम पंचायतों के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों को योजना से जोड़ा गया है।
सीडीपीओ राकेश कुमार और बीडीओ सौरभ पांडेय ने बताया कि विकास खंड की 81 ग्राम पंचायतों में से पहले चरण में 21 ग्राम पंचायतों के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है। इससे तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के 2,500 से अधिक बच्चों के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रतिदिन ताजा और पौष्टिक भोजन मिलेगा। केंद्रीय रसोई से मौसमी फल, गुड़-चना, वेजिटेबल पुलाव, दाल-तहरी, खीर, इडली-सांभर, डोसा, सेवई, रागी दलिया, पोहा और मौसमी सब्जियों से तैयार भोजन निशुल्क आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, शेष ग्राम पंचायतों के केंद्रों को भी चरणबद्ध तरीके से इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
एक अक्तूबर को केंद्रीय मंत्री करेंगे उद्घाटन
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास खंड रेहरा बाजार में एक अक्तूबर से इस व्यवस्था की शुरुआत होगी। अचलपुर चौधरी के घासी पोखरा में जिला प्रशासन के सहयोग से जोमैटो फीडिंग इंडिया की केंद्रीय रसोई स्थापित की गई है। इसका उद्घाटन एक अक्तूबर को सांसद एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह करेंगे। सांसद प्रतिनिधि यूपी सिंह, कमलेश पांडेय और जोमैटो फीडिंग इंडिया के प्रभु दयाल ने बताया कि उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। -
फोटो-6-बलरामपुर के आंगनबाड़ी केंद्र सराय खास में नौनिहालों को पढ़ाती आंगनवाड़ी कार्यकर्ता।-संवा