बलरामपुर। तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलीखुर्द के मजरा मदरहवा में पंचायत भवन के घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने पंचायत भवन के निर्माण में मानक व गुणवत्ता की घोर अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर भवन निर्माण के मानक की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
समर बहादुर सिंह, दानबहादुर सिंह, अभिनाश, चंद्रभान, कमलेश कुमार, दिनेश कुमार, जगत राम, जगदीश, ननकी, राम उजागर, नसीम व फूलचंद आदि ग्रामीणों ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत भवन के निर्माण में मानक व गुणवत्ता की घोर अनदेखी की जा रही जिससे कुछ समय बाद ही भवन जर्जर हो जाएगा।
निर्माण में खराब ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। बालू व सीमेंट की मात्रा में भी खेल किया जा रहा है। मिट्टी मिला हुआ बालू का प्रयोग हो रहा है। मामले में ग्राम पंचायत सचिव से कई बार शिकायत की गई फिर भी भवन निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग पर रोक नहीं लगी है।
इन लोगों ने डीएम से पंचायत भवन निर्माण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम तुलसीपुर, बीडीओ तुलसीपुर व जन सुनवाई पोर्टल पर भी शिकयती पत्र भेजा है। तुलसीपुर एसडीएम रोहित कुमार मौर्य ने बताया कि शिकायत मिली है। निर्माण कार्य की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।