बलरामपुर। स्कूलों के कायाकल्प में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बिना सूचना के स्कूल से गायब रहने और विद्यार्थियों को पढ़ाने में हीलाहवाली बरतने की शिकायत मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई। जिला व ब्लॉक स्तरीय टॉस्क फोर्स को स्कूलों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह बातें सीडीओ रिया केजरीवाल ने बीते दिन कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते काफी दिनों तक स्कूलों में ऑफलाइन शिक्षण कार्य नहीं हुआ है जिसके चलते बच्चों को ऑनलाइन व अन्य माध्यमों से पढ़ाया गया है।
सभी स्कूलों में 19 पैरामीटर वाले संसाधनों को बढ़ाने पर फोकस किया जाए जिससे शासन स्तर से चलाए जा रहे मिशन कायाकल्प में सफलता मिल सके। जिले के कितने स्कूलों में मिशन कायाकल्प के सभी पैरामीटर पूरे कराए गए हैं उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए जिससे छूअे हुए स्कूलों को भी कायाकल्प के सभी पैरामीटर पर चाक-चौबंद कराया जा सके।
इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति से जुड़े सभी अफसरों को स्कूलों के शैक्षिक गतिविधियों की निगरानी करने का निर्देश दिया। बीएसए डॉ. रामचंद्र ने सीडीओ को परियोजना से प्राप्त प्रेरणा पत्रिका भेंट की।
बैठक में सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह, डीपीओ राजेन्द्र कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, डायट की वरिष्ठ प्रवक्ता वर्चस्वनी जौहरी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीपांकर श्रीवास्तव, डीसी निरंकार पांडेय, एनके सिंह, फिरोज अहमद, आभा त्रिपाठी, मोहित देव त्रिपाठी, बीईओ मनीराम वर्मा, संजय श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्र सहित सभी शिक्षा क्षेत्रों की बीईओ मौजूद रहे।