स्थिति में सुधार न होने पर चालकों के मानदेय से की जाएगी रिकवरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। बस संचालन पर चालकों की लापरवाही थमने की नाम नहीं ले रही है। डिपो के चालक मनमाने तरीके से डीजल फूंक रहे हैं। बलरामपुर के 20 चालकों ने औसत से अधिक डीजल की खपत कर निगम को राजस्व का चूना लगाया है। अब सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने चालकों को नोटिस जारी किया है। स्थिति में सुधार न होने पर चालकों के मानदेय से राजस्व की वसूली करने की चेतावनी दी है।
बलरामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि डिपो के 20 चालकों ने अगस्त अलग-अलग तिथि को निर्धारित रूट पर बसों का संचालन करके पांच से 21 लीटर तक अधिक डीजल की खपत की है। औसत से अधिक डीजल खर्च करने से परिवहन निगम को राजस्व की क्षति पहुंची है। इससे यह प्रतीत होता है कि चालकों ने लापरवाही पूर्वक बस का संचालन किया है। सीनियर फोरमैन की रिपोर्ट के आधार पर ज्यादा डीजल फूंकने वाले चालकों को चेतावनी दी गई है। स्थिति में सुधार न होने पर राजस्व की वसूली चालकों के मानदेय से की जाएगी। साथ ही चालकों का रूट परिवर्तन भी कर दिया जाएगा।