उतरौला (बलरामपुर)। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर लेखपालों ने आक्रोश जताया है। बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शीघ्र कार्रवाई न होने पर लेखपाल संघ की तरफ से आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
लेखपाल संघ, उतरौला के अध्यक्ष अभय चंद्र श्रीवास्तव व मंत्री मनोज कुमार ने बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि उनके साथी को जान से मारने व जाति सूचक गाली देने वाले आरोपी को दसदिन बाद भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। तीन अप्रैल को पेड़रिया के ग्राम प्रधान मुस्ताक अहमद ने पैमाइश को लेकर हलका लेखपाल बृजेश को जान से मारने की धमकी और जाति सूचक गाली दी। जिसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज है। मामले में अभी तक आरोपी प्रधान की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित लेखपाल को धमकाया जा रहा है। यदि तीन दिन में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपते समय लेखपाल अकरम, रामदेव, मदनगोपाल, बसीर अहमद, अखिलेश वर्मा, सुरेश यादव व दिनेश पटेल आदि मौजूद थे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा बंधू ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।