गौरा चौराहा(बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नंदनगर ठठिया गांव के पास निर्माणाधीन स्टेट हाईवे की कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर मशीन के फाउंडेशन के लिए बनी दीवार अचानक ढह गई। दीवार के नीचे दबकर 55 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की। पुलिस के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस समय बेलहा से गौरा चौराहे तक स्टेट हाईवे का निर्माण हो रहा है। निर्माण करने वाली कंपनी ने नंदनगर ठठिया गांव के पास कंस्ट्रक्शन प्लांट लगा रखा है। गुरुवार को प्लांट की मशीनों के फाउंडेशन के लिए बनी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे ग्राम गोपलापुर के राम सूरत वर्मा (55) दबकर घायल हो गए। आनन फानन में लोग रामसूरत को जिला अस्पताल ले गए। परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके मौत की खबर मिलते आस-पास के ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
ग्रामीण सड़क पर जाम लगाकर मृत मजदूर के परिजनों को मुआवजा देने तथा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रोहित प्रसाद ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।