गौरा चौराहा। स्थानीय चौराहे पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गौरा चौराहा के पांच से छह युवकों ने ग्राम वासुपुर पीरगयास निवासी युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि किसी बात को लेकर पहले गाली-गलौज शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि स्थानीय युवकों ने युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। आसपास मौजूद दुकानदारों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को पहले नंदनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिल गई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।