गौरा चौराहा। खेतों में चल रही गेहूं की कटाई के बीच मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। ग्राम सभा कठेर के मजरा समदा निवासी 27 वर्षीय दीपक सिंह की हार्वेस्टर कंबाइन की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
मृतक के भाई आनंद सिंह ने बताया कि गांव के ही लालाबाबू के खेत में गेहूं की फसल कंबाइन से काटी जा रही थी। दीपक अपने खेत की कटाई के लिए उसी कंबाइन को बुलाने गए थे। वह खेत के किनारे खड़ा होकर चालक से बात करने का इंतजार कर रहे थे, तभी कंबाइन चालक शाहबान ने लापरवाहीपूर्वक मशीन को मोड़ा और अचानक दीपक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। कंबाइन की टक्कर लगते ही दीपक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे उठाकर इलाज के लिए उतरौला स्थित एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर का सहारा थे दीपक
दीपक की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दीपक मेहनती और जिम्मेदार युवक था, जो खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाते थे। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार खेतों में चलने वाले भारी कृषि यंत्रों के संचालन में अक्सर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है। खुले खेतों में बिना किसी सावधानी के कंबाइन चलाने से इस तरह के हादसे हो जाते हैं। यदि चालक सतर्कता बरतता, तो शायद यह हादसा टल सकता था। प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर कंबाइन चालक शाहबान पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।