-बलरामपुर के गन्ना समिति में अपत्ति दर्ज कराते लोग।-संवाद
बलरामपुर। जिले की तीनों गन्ना विकास समितियों में मंगलवार को नाम की गड़बड़ी ठीक कराने के लिए 285 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। नाम की अशुद्धियां दूर कराकर 25 सितंबर को तीनों गन्ना विकास समितियों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। तीनों समितियों में 2192 डेलीगेट का चुनाव कराने के लिए 26 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। तीन अक्तूबर को तीन लाख तीन हजार तीन मतदाता डेलीगेट का चुनाव करेंगे।
सहकारी गन्ना विकास समिति बलरामपुर में 643 राजस्व ग्रामों के 1169 डेलीगेट का चुनाव कराने के लिए 11 निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं, जिसमें एक लाख 68 हजार 210 मतदाताओं को मताधिकार का मौका मिलेगा। सहकारी गन्ना विकास समिति उतरौला में 198 राजस्व ग्रामों के 314 डेलीगेट का चुनाव कराने के लिए नौ निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं, जिसमें 36 हजार 999 वोटरों को अपने डेलीगेट का चुनाव करना है। सहकारी गन्ना विकास समिति तुलसीपुर में 405 राजस्व ग्रामों के 709 डेलीगेट का चुनाव कराने के लिए 11 निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं, जिसमें 97 हजार 821 वोटर अपने डेलीगेट का चुनाव करेंगे।
गन्ना विकास समिति बलरामपुर में 213, उतरौला में 50 व तुलसीपुर में नाम संशोधन कराने की 22 आपत्तियां आई हैं। 25 सितंबर को आपत्तियों का निस्तारण कराने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों का दाखिला होगा। 27 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 सितंबर को नाम वापसी के साथ ही चुनाव चिह्न दिया जाएगा। तीन अक्टूबर को मतदान व मतगणना कराकर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
सहायक जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/एआर कोऑपरेटिव अमरेश मणि तिवारी ने बताया कि बलरामपुर, उतरौला व तुलसीपुर गन्ना विकास समितियों में डेलीगेट के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो तीन अक्तूबर तक चलेगी।