तुलसीपुर। दिसंबर माह में आयोजित होने वाले 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियों को लेकर गायत्री परिवार की गोष्ठी रविवार को लालनगर सिपहिया गांव में आयोजित हुई। गोष्ठी में महायज्ञ की तैयारियों पर चर्चा करते हुए 24 गांवों में 2400 वेदीय दीप जलाने का निर्णय लिया गया।
विज्ञापन
जिला संयोजक सत्य प्रकाश शुक्ला ने कहा कि 18 से 21 दिसंबर के बीच गायत्री परिवार द्वारा 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं 2400 वेदीय दीप महायज्ञ का आयोजन किया जाना है। इस महायज्ञ के लिए जल्द ही 24 गांवों का चयन किया जाएगा। चयनित गांवों में निर्धारित समय पर जगह-जगह दीप जलाकर लोगों को वेद एवं गायत्री मंत्र के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
लोगों को भेदभाव, नशाखोरी एवं कुरीतियों को त्यागने के लिए जागरूक किया जाएगा। गायत्री परिवार के सदस्य गुलाब चंद्र भारती ने संकल्प लिया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।