ऋण वसूली में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई
बलरामपुर। बैंकों के ऋण वसूली में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एनपीए की विकट समस्या का समाधान कराने के लिए ऋण वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
बैंकों के सभी प्रतिनिधि शीघ्र ही एडीएम व एसडीएम के साथ बैठक कर ऋण वसूली में तेजी लाने के लिए प्रयास करें। यह बातें सीडीओ कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में बैंकों के तरफ से आयोजित जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में कही।
एलडीएम डॉ. एनआर विशनोई ने बैठक में सीडीओ के समक्ष बैंकों के तिमाही प्रगति पर रिपोर्ट प्रस्तुत किया। एलडीएम ने कहा कि बैंकों की सबसे बड़ी समस्या एनपीए खातों की वसूली है।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि शीघ्र ही एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल तथा तीनों तहसीलों के एसडीएम व तहसीलदारों के साथ सभी बैंकों के प्रतिनिधियों की बैठक कराकर आरसी खातों से वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
सभी बैंकों के प्रतिनिधियों ने वार्षिक लक्ष्य प्राप्त करने का आश्वासन दिया। बैठक में डीडीओ गिरिश कुमार पाठक, डीसी एनआरएलएम सूबेदार सिंह यादव, डीडीएम नाबार्ड सहित तमाम बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।