योगी सरकार के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
बलरामपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के शपथ ग्रहण समारोह में जाने से रोकने पर सपा कार्यकर्ता भड़क उठे।
सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सदर तहसील में योगी सरकार के तानाशाह रवैये की निंदा करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर योगी सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग की।
पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव, पूर्व विधायक अनवर महमूद, सपा जिलाध्यक्ष ओंकार पटेल एवं जिला महासचिव इकबाल जावेद के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शन में सपा नेताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में जा रहे थे। प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर प्रशासन द्वारा अखिलेश यादव को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया।
प्रदेश सरकार के इस तानाशाह रवैये की जितनी भी निंदा की जाए कम है। प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा।
ज्ञापन में अखिलेश यादव को शपथ ग्रहण समारोह में जाने की अनुमति दिए जाने तथा योगी सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग की है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरदास सरोज, गुलाम मोहम्मद रहमानी, सैय्यद इंजीनियर, वकील खान, शानू खान, शफीउल्लाह खां व राकेश यादव सहित तमाम सपाई मौजूद रहे।
उतरौला संवादसूत्र के अनुसार युवजन सभा के प्रदेश सचिव एजाज मलिक के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम जेपी सिंह को सौंपा।
उतरौला में भी सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के इस रवैये के खिलाफ आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर तारिक अली, आदिल हुसैन, राम सोहरत, मेराज अहमद व मो. उमर खां सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।