बलरामपुर। शिक्षा विभाग की तरफ से परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए निपुण आकलन परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। कक्षा एक से लेकर तीन तक के विद्यार्थियों की परीक्षा 22 नवंबर को तथा कक्षा चार से आठ तक के बच्चों की परीक्षा 23 नवंबर को होगी। जिले के 1815 विद्यालयों में करीब दो लाख 12 हजार विद्यार्थी ओएमआर शीट पर परीक्षा देंगे।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के बच्चों का लर्निंग आउटकम आधारित आकलन करने के लिए निपुण मूल्यांकन परीक्षण का आयोजन होना है। इसमें परख एप के माध्यम से ओएमआर शीट पर परीक्षा देंगे। इस परीक्षा के माध्यम से छात्र-छात्राओं के शैक्षिक स्तर का पता लगाया जाएगा। शैक्षिक स्तर की जानकारी होने पर छात्र-छात्राओं को आवश्यकता के अनुसार सुधार के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय से ओएमआर शीट व प्रश्न पत्र सील बंद पैकेट तीन दिन पहले ही ब्लॉक संसाधन केंद्र पर भेज दिए जाएंगे। परीक्षा की गोपनीयता व सुचिता बनाए रखने के लिए प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट का मुद्रण व वितरण जिला परियोजना कार्यालय से कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।