फोटो-31-बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में शिक्षकों को दिया गया कैशलेस का पोस्टर।-स्रोत : महावि
- फोटो : सांकेतिक
बलरामपुर। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को एमएलके महाविद्यालय सभागार में स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के 200 शिक्षकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
समारोह का शुभारंभ सदर विधायक पलटू राम, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलसचिव परमानंद सिंह तथा एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी ने लाभार्थी शिक्षकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड वितरित करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत शिक्षकों और उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, डेढ़ करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिलेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने योजना का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह का संचालन एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने किया। इस अवसर पर प्रो. अरविंद द्विवेदी, प्रो. पीके सिंह, प्रो. मोहिउद्दीन अंसारी, प्रो. वीणा सिंह, प्रो. एसपी मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो-31-बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में शिक्षकों को दिया गया कैशलेस का पोस्टर।-स्रोत : महावि- फोटो : सांकेतिक