बलरामपुर। जिले के 2.74 लाख किसानों को पीएम सम्मान निधि की सौगात मिलने वाली है। किसानों के बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से दो-दो हजार रुपये आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 15 दिसंबर के बीच किसानों के बैंक खातों में सीधे धनराशि ट्रांसफर करेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पोर्टल पर जिले के 18,788 किसानों के नाम की त्रुटियों को दुरुस्त करा दिया गया है।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के पोर्टल पर जिले के 2,74,178 किसानों को डाटा सत्यापित कर दिया गया है। डाटा सत्यापन के कार्य में कृषि विभाग के 70 कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि पोर्टल पर अपलोड डाटा की तुलना में जिले के 2,68,871 किसानों को अब तक दो-दो हजार रुपये वाली कोई न कोई किस्त दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री सम्मान निधि पोर्टल पर किसानों का डाटा दुरुस्त करने वाले कर्मचारियों ने बैंक व आधार कार्ड में नाम की 18,788 त्रुटियों को दुरुस्त करा दिया है।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि के पोर्टल पर डबल रजिस्ट्रेशन वाले 8,839 किसानों के नाम को हटा दिया गया है। आयकरदाता श्रेणी वाले 2284 किसानों के बैंक खाते प्रधानमंत्री सम्मान निधि पोर्टल से हटाकर बैंकों को रिकवरी के लिए सूचना भेज दी गई है। किसानों के बैंक व आधार कार्ड में नाम की भिन्नता होने पर प्रधानमंत्री सम्मान निधि की धनराशि नहीं मिल सकेगी।
जिले के 2,74,178 किसानों के बैंक खातों में 10 से 15 दिसंबर के मध्य प्रधानमंत्री आरटीजीएस के माध्यम से 10वीं किस्त के रुप में दो-दो हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे। प्रथम किस्त के रुप में जिले के 2,68,139 किसानों को दो-दो हजार रुपये मिले हैं।
द्वितीय किस्त का लाभ 2,64,763 किसानों को मिला है। जिले के 2,51,424 किसानों को तीसरी किस्त, 2,38,232 किसानों को चौथी, 2,23,131 किसानों को पाचवीं, 1,98,273 किसानों को छठवीं, 1,94,717 किसानों को सातवीं, 1,54,686 किसानों को आठवीं किस्त प्राप्त हुई है। जिले के 2,68,871 किसानों को 9वीं किस्त का भुगतान मिला है।