बलरामपुर। जिला संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार को बाल स्वास्थ्य पोषण माह का उद्घाटन किया गया। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में 2,71,938 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की नौ खुराक पिलाकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने फीता काटकर बाल स्वास्थ्य पोषण माह का उद्घाटन किया। इसके संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नौ से 12 माह के बच्चों को एमआर के प्रथम टीके के साथ नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान आधा चम्मच खुराक पिलाई जाएगी।
इसी तरह 16 से 24 माह के बच्चों को एमआर के दूसरे टीके के साथ नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान पूरा चम्मच तथा दो से पांच वर्ष तक के बच्चों को छह-छह माह के अंतराल पर पूरा चम्मच विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। विटामिन-ए की नौ खुराक पीने के बाद बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होगी।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने में सहयोग करने की अपील की है। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा, विनोद त्रिपाठी, पुनीत त्रिपाठी, श्याम मिश्रा व शिखा सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।